उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शादी की खुशियाँ चंद पलों में मातम में बदल गईं। बैंड-बाजे और धूमधाम के साथ दूल्हा बारात लेकर गाँव पहुँचा, जयमाला की रस्म भी हँसते-खेलते पूरी हुई, लेकिन फेरों से ठीक पहले जो हुआ, उसने सबके होश उड़ा दिए और दूल्हे को बिना दुल्हन के ही बैरंग लौटना पड़ा।

उन्नाव के पुरवा क्षेत्र के गाँव अजयपुर में शादी का माहौल था। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर खड़े होकर जयमाल की रस्म पूरी कर चुके थे। जयमाला खत्म होने के बाद दुल्हन रेशमा अपने कमरे में चली गई। दूल्हा और बाराती फेरों की तैयारी में मशगूल थे।जब भोर पहर फेरों की रस्म शुरू करने का समय आया, तो दुल्हन को बुलाने के लिए घरवाले कमरे में पहुँचे।
कमरे का दरवाज़ा खुला तो सब सकते में आ गए! दुल्हन रेशमा कमरे से गायब थी। दुल्हन के अचानक लापता होने की खबर पूरी बारात में आग की तरह फैली, और शादी का खुशनुमा माहौल तुरंत टेंशन में बदल गया।परिवार की खोजबीन में जल्द ही पता चला कि दुल्हन गाँव के ही एक प्रेमी युवक के साथ भाग गई है। जब पीड़ित पिता ओमप्रकाश ने उस युवक को फोन किया, तो बात दुल्हन रेशमा से हुई।
रेशमा ने साफ कह दिया कि वह उसी युवक के साथ रहेगी और घर वापस नहीं आएगी। यह सुनकर दूल्हा और बाराती सन्न रह गए। मजबूरन, बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।पीड़ित पिता ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है।