उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सबको सन्न कर दिया है। जहाँ दूल्हे ने अपनी शादी के लिए तीन बीघा ज़मीन तक गिरवी रख दी, वहीं दुल्हन ने सात फेरे पूरे करने के बाद विदाई से ठीक पहले अपने प्रेमी संग भागकर सारी खुशियों पर पानी फेर दिया।

बाराबंकी के बंकी कस्बे की रहने वाली पल्लवी की शादी घुंघटेर थाना क्षेत्र के सुनील गौतम से तय हुई थी। सुनील गौतम अपनी शादी में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने बारात लाने और दुल्हन के लिए ज़ेवर बनवाने के लिए अपनी तीन बीघे ज़मीन को गिरवी रख दिया था और करीब 90 बाराती लेकर मंगलवार रात धूमधाम से पहुँचे।बारात का स्वागत हुआ, सारी रस्में निभाई गईं, दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए और देर रात तक शादी की खुशियाँ मनाई गईं।
बुधवार की सुबह जैसे ही विदाई की तैयारी शुरू हुई, वधू पक्ष को दुल्हन पल्लवी अपने कमरे से गायब मिली। पहले तो घरवालों को लगा कि वह कहीं आसपास होगी, लेकिन घंटों की खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो वर पक्ष में हड़कंप मच गया।
जाँच में खुलासा हुआ कि दुल्हन पल्लवी रात के अंधेरे में ही मौका पाकर अपने कथित प्रेमी के साथ भाग निकली थी। दूल्हा और उसका परिवार यह सुनकर सदमे में आ गए। उनका गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने शादी में हुए भारी खर्च की भरपाई की माँग की।दूल्हा सुनील गौतम, जिसने अपनी ज़मीन गिरवी रखी थी, को खाली हाथ बिना दुल्हन के ही बारात वापस ले जानी पड़ी। वर पक्ष ने दुल्हन के परिजनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।