उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से घरेलू हिंसा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर आरोप है कि वह अपने पति को रोज़ाना चारपाई से बांधकर रखती थी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

पीड़ित युवक की मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी बहू अक्सर उनके बेटे के साथ मारपीट करती थी और डराने के लिए हथियार दिखाती थी। महिला का दावा है कि बहू के पास अवैध देसी कट्टा है, जिससे वह पूरे परिवार को धमकाती रहती है।
परिवार के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद की बड़ी वजह युवक की शराब की आदत थी। झगड़े के दौरान पत्नी ने पति को रस्सियों से बांध दिया, ताकि वह घर से बाहर न जा सके। वायरल वीडियो में युवक को बंधी हालत में देखा जा सकता है, जबकि घर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला संज्ञान में लिया और शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और हथियार से जुड़े आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।
दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।