नोएडा। दिल्ली से सटे हाई-प्रोफाइल शहर नोएडा में घरेलू सहायिका (House Help) बनकर चोरी करने वाली दो सगी बहनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। ये दोनों बहनें घरों में काम पर लगकर लाखों के जेवर और नकदी उड़ाकर फरार हो जाती थीं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।

नोएडा पुलिस को लंबे समय से सेक्टर-24 और सेक्टर-49 थाना क्षेत्रों में चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। जाँच में सामने आया कि चोरी की वारदातें उन घरों में हुई थीं, जहाँ हाल ही में नई घरेलू सहायिकाएं काम पर लगी थीं। ये दोनों बहनें घरों में भरोसे से काम करती थीं, और जैसे ही इन्हें मौका मिलता था, ये घर कीमती गहने और नकदी लेकर रातों-रात गायब हो जाती थीं। चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद ये सीधे अपने गृह राज्य पश्चिम बंगाल भाग जाती थीं, जहाँ इन्हें ढूँढना मुश्किल होता था।
पुलिस की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से इस शातिर गिरोह की पहचान की। पता चला कि आरोपी बहनें पश्चिम बंगाल के मेडनापुर क्षेत्र में छिपी हुई हैं। उच्चाधिकारियों की अनुमति के बाद नोएडा पुलिस की टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी की और दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए सोने और हीरे के लगभग 85 लाख से 88 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, और साथ ही लगभग 2 लाख 89 हज़ार रुपये की नकद राशि भी बरामद की है। यह बरामदगी इस गिरोह की बड़ी वारदातों की पुष्टि करती है।